Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में दिनदहाड़े चोरी: घर से 9 लाख के गहने-नकदी लेकर फरार हुए चोर, मंदिर की तिजोरी भी खंगाली

October 6, 2026

जालंधर में दिनदहाड़े चोरी: घर से 9 लाख के गहने-नकदी लेकर फरार हुए चोर, मंदिर की तिजोरी भी खंगाली

जालंधर: थाना नंबर-2 के अंतर्गत आते इलाके में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोर सुबह पेट्रोल पंप के पास गली में स्थित एक घर में घुसे और लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य काम पर गए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, परिवार की महिला करीब 12 बजे घर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी चेक करने पर पता चला कि उसमें रखे गहने और नकदी गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना थाना नंबर-2 की पुलिस को दी गई।

पीड़ित परिवार के सदस्य सन्नी ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे काम पर गए थे। उनकी पत्नी देवी तालाब अस्पताल में दवाई की दुकान पर नौकरी करती हैं, जबकि उनकी माता दशमेश बेकरी में काम करती हैं। परिवार के सभी सदस्य घर को ताला लगाकर अपने-अपने काम पर गए थे। इसी दौरान उन्हें घर में चोरी होने की सूचना मिली।

वहीं, परिवार की सदस्य चंचल ने बताया कि वह दशमेश बेकरी में नौकरी करती हैं। करीब 12 बजे जब वह घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला हुआ था। उन्होंने बेटे को आवाज लगाई और पड़ोस के एक युवक को बुलाकर घर की जांच की। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोर अपने कुछ औजार भी मौके पर छोड़ गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब 8 से 9 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हुए हैं। परिवार का कहना है कि वारदात उस समय हुई, जब घर के सदस्य काम पर जाने के करीब एक घंटे बाद तक बाहर थे। परिवार की बहू ने आरोप लगाया कि चोरों ने घर के साथ-साथ मंदिर को भी निशाना बनाया। महिला के मुताबिक, चोर मंदिर की तिजोरी से करीब 20 से 25 हजार रुपये की नकदी ले गए। इस दौरान मंदिर में रखी धार्मिक पुस्तकें भी जमीन पर गिरा दी गईं।

परिवार ने इलाके में नशेड़ियों की मौजूदगी का आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि वारदात किसी एक-दो व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक गिरोह ने की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और न्याय दिलाने की मांग की है। परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस को सूचना दिए जाने के काफी समय बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें