Site icon Dainik Savera Times

जालंधर के इस इलाके में चली ताबड़तोड़ गोलियां, घटना CCTV में कैद

फिल्लौर (जालंधर): जालंधर के फिल्लौर से एक बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि शनिवार देर शाम अटवाल हाउस कॉलोनी के मालिक और कोलोनाइजर मंदीप सिंह उर्फ गोरा पर थार सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब गोरा अपने दफ्तर में बैठे थे। तभी सफेद थार में सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाया। जैसे ही गोरा बाहर आए, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोरा के साथ मौजूद लोगों ने भी हिम्मत दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर घबराकर मौके से नवांशहर की दिशा में फरार हो गए। इस दौरान गोरा के एक साथी को गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

CCTV में कैद हुआ आरोपी का चेहरा
फिल्लौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक हमलावर की पहचान राहुल नामक युवक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राहुल दो दिन पहले एक स्थानीय पत्रकार के घर की रेकी भी कर चुका था, जिससे यह संकेत मिलता है कि हमला पहले से साजिश के तहत रचा गया था।

विदेश से आया था गोरा, आज ही जाना था वापस
जानकारी के मुताबिक, मंदीप सिंह गोरा हाल ही में विदेश से भारत लौटा था और रविवार को वापस जाने वाला था। बताया जा रहा है कि गोरा को पिछले कुछ दिनों से अज्ञात लोगों द्वारा रंगदारी मांगने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस को शक है कि इस हमले के पीछे किसी गैंगस्टर गिरोह का हाथ हो सकता है।

फिल्लौर एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version