
जालंधरः रामामंडी इलाके में शादी से महज पांच दिन पहले दूल्हे की ओर से रिश्ता तोड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद लड़की और उसके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की ओर से शादी की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक युवक के इस कदम से परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, शादी से पहले दोनों परिवार प्री-वेडिंग शूट के लिए गए थे। इसी दौरान युवक अचानक शूट अधूरा छोड़कर वहां से चला गया। इसके बाद उसने लड़की को मैसेज भेजकर साफ कह दिया कि आज के बाद उसे न तो फोन किया जाए और न ही कोई मैसेज भेजा जाए। इतना ही नहीं, युवक ने लड़की का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
लड़की की मां ने बताया कि उन्होंने लड़के और उसके परिवार से फोन पर संपर्क करने की काफी कोशिश की। इसके अलावा वे उनके घर भी गए, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में लड़के के परिवार की ओर से बिचौलिये के माध्यम से संपर्क किया गया। हालांकि, युवक इस समय कहां है, इसकी जानकारी लड़की के परिवार को नहीं मिल सकी।
परिवार के मुताबिक, वे पिछले तीन दिनों से अपनी शिकायत लेकर इधर-उधर भटक रहे थे। आखिरकार उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। मामले में एसीपी राजेश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही बिचौलियों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
📍 Location: जालंधर एसीपी सेंटर ऑफिस (जालंधर)