National Lok Adalat: जालंधर में 25 बेंचों पर मामलों की सुनवाई, हजारों केस निपटाने का लक्ष्य
Pankaj Sharma
जालंधर: नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी और पंजाब लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के दिशानिर्देशों के तहत शनिवार को जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जालंधर के जुडिशियल कोर्ट कॉम्प्लेक्स में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की चेयरपर्सन एवं डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज प्रिया सूद की अध्यक्षता में लोक अदालत लगाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लंबित मामलों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी देते हुए जज प्रिया सूद ने बताया कि वर्ष 2026 में यह तीसरी नेशनल लोक अदालत है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जल्द और सरल तरीके से न्याय उपलब्ध करवाना तथा लंबे समय से लंबित मामलों का निपटारा करना है। लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, मोटर एक्सीडेंट क्लेम केस, नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत चेक बाउंस के मामले, फौजदारी केस और विभिन्न दीवानी मामलों की सुनवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामलों की सुनवाई के लिए जिले में कुल 25 बेंच स्थापित किए गए हैं। इनमें 21 बेंच जालंधर शहर में, जबकि 2 बेंच नकोदर और 2 बेंच फिल्लौर में लगाए गए हैं। आज करीब 92 हजार मामलों के निपटारे की उम्मीद है।
जज प्रिया सूद ने बताया कि अगली स्पेशल लोक अदालत 21 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद साल की चौथी और अंतिम नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर 2026 को लगेगी।