Site icon Dainik Savera Times

जालंधर: 66 फुटी रोड पर HPCL पैट्रोल पंप सूखा, शहर में ईंधन संकट की आशंका गहराई

जालंधर शहर: 66 फुटी रोड स्थित एचपीसीएल पैट्रोल पंप पर तेल की सप्लाई रुक जाने से आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि इस पैट्रोल पंप का उद्घाटन कुछ समय पहले जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी डीसी द्वारा स्वयं किया गया था, जिसे शहर के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला नया ईंधन केंद्र बताया गया था लेकिन अब उसी पंप पर पैट्रोल और डीजल उपलब्ध न होने से लोगों में सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रशासनिक स्तर पर इतना महत्व दिया गया था, तो सप्लाई व्यवस्था इतनी जल्दी क्यों डगमगा गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में वाहन चालक पंप पर पहुंचे, लेकिन उन्हें बिना तेल लिए वापस लौटना पड़ा।

स्थिति इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इस समय ईएसएमए (आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम) लागू है। ऐसे में तेल कंपनियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे पैट्रोल-डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित न होने दें। जानकारों का कहना है कि यदि एक-एक करके प्रमुख पैट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने लगा, तो इसका असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक जीवन पर पड़ सकता है। लोगों का कहना है कि तेल कंपनियों को तुरंत स्पष्ट करना चाहिए कि सप्लाई में रुकावट तकनीकी कारणों से है, लॉजिस्टिक समस्या है या किसी अन्य वजह से।

प्रशासनिक स्तर पर भी अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एचपीसीएल और अन्य ऑयल कंपनियां आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाती हैं क्योंकि यदि ईएसएमए लागू होने के बावजूद प्रमुख पंप सूखे होने लगे, तो यह सीधे व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल आम नागरिकों की मांग है कि तेल कंपनियां जल्द सप्लाई बहाल करें, ताकि शहर में किसी तरह की अफरा-तफरी न फैले और आवश्यक सेवाएं सामान्य बनी रहें।

Exit mobile version