जालंधरः मखदूमपुरा में हुए लक्की ठाकुर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को दो अलग-अलग स्थानों से काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरिंदर थापर, दीपक राणा और गुड़िया पुत्री तरसेम लाल के रूप में हुई है। नरिंदर थापर और दीपक राणा को फतेहगढ़ साहिब से गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरी आरोपी गुड़िया को जालंधर से काबू किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी आदित्य वारियर ने बताया कि सीआईए स्टाफ की पुलिस ने गुप्त सूचना और जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि गुड़िया को आरोपियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नरिंदर थापर के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, मामले में नशे से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि लक्की ठाकुर के बेटे और नरिंदर थापर के बेटे के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में लड़ाई हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते लक्की ठाकुर की हत्या की गई।
किडनैपिंग के मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि इस संबंध में लक्की ठाकुर की ओर से केस दर्ज करवाया गया था। वहीं, नरिंदर थापर के पिस्टल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, लक्की ठाकुर के खिलाफ भी छह मामले दर्ज थे। फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।