जालंधर: शहर के माई हीरा गेट के पास आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित एक चक्की को 4-5 अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आरोपियों ने गेट का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नकदी समेत घी, रिफाइंड तेल और ड्राई फ्रूट चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी दुकान के कर्मचारी को उस समय मिली, जब उसने गेट का ताला टूटा हुआ देखा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध लोग वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।
पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, यह चक्की करीब 70 साल पुरानी है और इससे पहले यहां इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, बाजार के दुकानदारों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। दुकानदारों का कहना है कि शहर में आए दिन चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले खिंगरा गेट में भी अज्ञात चोरों ने एक दुकान का शटर तोड़कर नकदी, देसी घी और ड्राई फ्रूट चोरी कर लिए थे।
दुकानदारों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं के बावजूद चोरी की वारदातों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।