पंजाब डेस्क: जालंधर शहर की मशहूर मकसूदा सब्जी मंडी में कल दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई। जिसकी वजह से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब यह वारदात हुई, उस वक्त पुलिस की टीम मौके पर ही मौजूद थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने वाला युवक पेशे से वकील है, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
-घटना के पीछे पुराना विवाद?
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह फायरिंग एक पूर्व विवाद का नतीजा हो सकती है। कुछ समय पहले मकसूदा मंडी के आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान शंटी को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। माना जा रहा है कि शनिवार को हुई गोलीबारी उसी विवाद का हिस्सा हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी तक इस एंगल की पुष्टि नहीं कर रही है।
-पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
थाना एक के प्रभारी राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” हालांकि मंडी में घटना के समय पुलिस की मौजूदगी और उनके सामने गोली चलने के बावजूद किसी तत्काल कार्रवाई न होने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है।
-व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल
फायरिंग की घटना के बाद मंडी के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई और मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
-प्रशासन से कार्रवाई की मांग
इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नेताओं और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

