जालंधर: शहर के भार्गव कैंप इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से बिजली की तारें और एसी के पाइप चोरी कर भाग रहे एक नाबालिग को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि वह नशे की लत के कारण चोरी करने आया था।
जानकारी के अनुसार, थाना भार्गव कैंप पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे मुकेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक नाबालिग बिल्डिंग में घुस गया और वहां से बिजली की तारें तथा एसी के पाइप चोरी कर ले जाने लगा। जब उन्होंने उसे सामान लेकर भागते देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आरोपी चोरी का सामान छोड़कर मौके से फरार होने लगा।
मुकेश कुमार ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। घटना की सूचना बिल्डिंग मालिक को भी दी गई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना दी गई।
पकड़े गए नाबालिग ने बताया कि वह पहले टाइल लगाने का काम करता था, लेकिन गलत संगत में पड़ने के कारण उसे नशे की लत लग गई। उसने स्वीकार किया कि नशे की पूर्ति के लिए ही वह चोरी करने आया था।
थाना भार्गव कैंप के जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि चोरी के आरोप में एक नाबालिग को लोगों ने पकड़ रखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग मालिक के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

