Site icon Dainik Savera Times

जालंधर नगर निगम के कर्मचारी की पैसे के लेन-देन को लेकर हुई हत्या, मामला दर्ज

जालंधर: जिले के बूटा पिंड के नजदीक जल्लोवाल में देर रात पैसों के लेन-देन को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी दीपक (32) की गाजी गुल्ला कॉलोनी में पत्थर और ईंटों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हमले में दीपक का दोस्त गग्गू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया है।

मृतक और घायल युवक के परिजनों ने देर रात सिविल अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपक को जल्लोवाल कॉलोनी में रहने वाले कुछ युवकों से पैसे लेने थे। उन्होंने खुद ही दीपक को फोन करके पैसे लेने के लिए कहा।

लेकिन मौके पर पहले से ही पंद्रह से बीस युवक हमला करने के लिए तैयार बैठे थे। जैसे ही दीपक अपने भाई अजय और दोस्त गग्गू के साथ मौके पर पहुंचा, तो उन्होंने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। दीपक के भाई अजय ने बताया कि उसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

अजय ने बताया कि हमलावर उसके पीछे भागे लेकिन वह वहीं एक गैस एजेंसी के गोदाम के पास छिप गया। जब हमलावर वापस चले गए तो वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसके भाई की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि गग्गू गंभीर रूप से घायल था। वह दोनों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा।

भार्गव कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान लेकर आरोपियों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version