Jalandhar Municipal Corporation Employees Call Off Strike : जालंधर। भर्ती और स्टाफिंग से जुड़ी 15 मांगों को लेकर 19 नवंबर से चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। एससी कमिशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल के हस्तक्षेप और मेयर विनीत धीर के साथ बैठक में मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस ले लिया। बैठक में 1196 कर्मचारियों को नियमित करने की फाइल पास होने और 16 कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की जानकारी दी गई।
19 नवंबर से निगम प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे कर्मचारियों ने एससी कमिशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल के हस्तक्षेप और मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। चंदन ग्रेवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मेयर के साथ बैठक में कर्मचारियों की मांगों को लिखित रूप में पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। ग्रेवाल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें स्थानीय स्तर की व्यवस्था से संबंधित थीं, जिनका पंजाब सरकार से सीधा संबंध नहीं था।
मेयर और नगर निगम कमिश्नर ने कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिया है। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की सराहना भी की। उन्होंने बताया कि 1196 कर्मचारियों को पक्का करने की फाइल पास हो चुकी है और इस संबंध में मेयर ने बैठक के दौरान कर्मचारियों को पत्र भी दिखाए। इसके अलावा 16 कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया के तहत पत्र जारी किए जा रहे हैं। ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी में भी बढ़ोतरी की गई है।
वर्ष 2004 के बाद से ग्रेच्युटी से वंचित कर्मचारियों की मांग को पंजाब सरकार ने पत्र जारी कर स्वीकार कर लिया है। उन्होंने रोस्टर सिस्टम पर कहा कि इसे खत्म नहीं किया जा सकता, लेकिन कर्मचारियों को इसमें राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार के फैसलों का स्वागत करते हुए हड़ताल समाप्त होने पर संतोष जताया।
Also Read :