जालंधरः नगर निगम यूनियन के एक धड़े ने भर्ती और स्टाफिंग से जुड़ी 15 प्रमुख मांगों को लेकर वीरवार को निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना लगाया। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय में जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो वे हड़ताल शुरू कर देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी। यूनियन ने निगम सीमा में शामिल नए गांवों में सुपरवाइजरों और सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
इसके अलावा वरियाणा डंप पर सुपरवाइजर तैनात करने, एक वार्ड में दो सैनिटरी सुपरवाइजर न लगाने और कर्मचारियों को दिए गए करंट ड्यूटी चार्ज (सीडीसी) तुरंत रद्द करने की मांग की गई। स्वास्थ्य शाखा में वेतन तैयार करने के लिए स्थायी बिल क्लर्क नियुक्त करने और क्लर्क बदलने पर संबंधित कर्मचारियों को सर्विस रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की भी मांग रखी गई।
यूनियन ने टाइप टेस्ट पास कर चुके सेवादार कर्मचारियों को पदोन्नति देने और डेपुटेशन पर काम कर रहे ड्राइवरों को प्रमोट करने की मांग की। साथ ही सरकारी मशीनरी के संचालन के लिए स्पष्ट नियम बनाने और मशीनें केवल पक्के ड्राइवरों को आवंटित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा 1196 पदों पर स्थायी भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने और दर्जा-3 व दर्जा-4 कर्मचारियों को इनसोर्स (कॉन्ट्रैक्ट) करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की गई।
📍 Location: जालंधर नगर निगम ऑफिस (जालंधर)

