
जालंधरः क्यूरो मॉल के पास स्थित न्यू कलगीधर कॉलोनी में एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा डीजे का सामान और स्क्रीन जलकर राख हो गई। घटना के दौरान घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके चलते जानी नुकसान होने से बचाव रहा। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, न्यू कलगीधर कॉलोनी में रहने वाला व्यक्ति डीजे का काम करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। दोपहर करीब एक बजे उसे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उसके घर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि घर में रखा डीजे का कीमती सामान और स्क्रीन आग की चपेट में आकर जल चुके थे।
आग के कारण हुए नुकसान का फिलहाल आकलन नहीं किया गया है। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
उधर, दमकल कर्मी नरेश कुमार ने बताया कि विभाग को कलगीधर कॉलोनी में एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग से घर में रखा डीजे का सामान जल गया। हादसे में काफी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
📍 Location: 66 रोड JAL (जालंधर)