जालंधर: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के दौरान, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, कपूरथला में तैनात (एस.डी.ई.) अगमजोत सिंह को 1,25,000 रुपये की रिश्वत मांगने और पहली किस्त के रूप में 30,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी अधिकारी को जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, उपमंडल नंबर 2, कपूरथला में तैनात एक उपमंडल क्लर्क द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता का तबादला आरोपी एसडीई अगमजोत सिंह द्वारा 5 अक्टूबर 2024 को गांव चकोकी, जिला कपूरथला की जल आपूर्ति योजना में कर दिया गया था। उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता का घर तैनाती वाली जगह से काफी दूर था, इसलिए उसने आरोपी अगमजोत सिंह से अपना तबादला रद्द करने या रोकने के लिए मौखिक रूप से विनती की थी।
इसके बाद शिकायतकर्ता के साथी कर्मचारी और फिटर हेल्पर अमरिंदर सिंह ने उसे बताया कि अगमजोत सिंह ने तबादला रोकने के लिए रिश्वत की मांग की है। बाद में, अमरिंदर सिंह ने अगमजोत सिंह से फोन पर संपर्क किया, जिसने 1,25,000 रुपये की मांग की, जो कि किस्तों में दिए जाने थे। प्रवक्ता ने बताया कि अवैध राशि की मांग के संबंध में हुई बातचीत अमरिंदर सिंह ने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर ली थी।
रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम ने आरोपी सब-डिविजनल इंजीनियर अगमजोत सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से ₹30,000 की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा; रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। इस मामले में, विजिलेंस ब्यूरो के जालंधर रेंज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।

