जालंधरः पंजाब सरकार द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू ने विधानसभा हलका आदमपुर में ‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत डोर-टू-डोर मुहिम की शुरुआत की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पवन कुमार टीनू ने आदमपुर शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और उन्हें सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश की तरक्की और खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है।
टीनू ने कहा कि सरकार की ओर से गांवों और शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, जरूरतमंद परिवारों को राशन किट, माताओं-बेटियों के लिए सम्मान योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज जैसी योजनाएं लोगों के लिए राहत का काम कर रही हैं।
उन्होंने शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया। टीनू ने कहा कि ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार किया गया है। वहीं युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ सहित कई पहल की गई हैं और आधुनिक खेल मैदानों का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और अब तक 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां मेरिट के आधार पर दी जा चुकी हैं। टीनू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार पंजाब को विकास की बुलंदियों तक ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
📍 Location: आदमपुर (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...