Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधरः घर के बाहर बैठी महिला से लुटेरा मोबाइल और सोने की चेन छीन हुआ फरार

October 29, 2026

जालंधरः घर के बाहर बैठी महिला से लुटेरा मोबाइल और सोने की चेन छीन हुआ फरार

जालंधर: लद्देवाली इलाके में घर के बाहर बैठी महिला से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार लुटेरा महिला के हाथ से मोबाइल फोन और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता के पति ने आरोपी की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए उसे पकड़वाने या उसकी पहचान बताने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये इनाम देने का ऐलान किया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि फोन और चैन की कुल कीमत लगभग ₹1,35,000 थी।

लद्देवाली निवासी जसवीर कौर ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठकर मोबाइल फोन चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उसके हाथ से मोबाइल फोन तथा गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह आरोपी को पकड़ नहीं सकी। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने पति को दी।

पीड़िता के पति ने बताया कि घटना के बाद जब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो आशंका जताई गई कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी। घर के बाहर पत्नी को अकेला बैठा देखकर उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोपी की सीसीटीवी फुटेज जारी कर लोगों से उसकी पहचान करने में मदद की अपील की है। महिला के पति ने ऐलान किया है कि आरोपी का नाम-पता बताने या उसे पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें