Site icon Dainik Savera Times

जालंधर-पठानकोट हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, एक युवक की मौके पर हुई मौत

पंजाब डेस्क: जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि यह हादसा थाना मकसूदां के अंतर्गत आने वाले गांव रायपुर रसूलपुर के पास हुआ। मृतक की पहचान पठानकोट निवासी हरमनजोत सैनी के रूप में हुई है, जो बंसल गैस एजेंसी से जुड़ा हुआ था।

-तेज रफ्तार बनी जानलेवा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हरमनजोत सैनी भोगपुर से जालंधर की ओर अपनी कार में जा रहा था। रास्ते में उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे ड्राइवर गाड़ी का संतुलन खो बैठा और यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हरमनजोत की मौके पर ही मौत हो गई।

-मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का मानना है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और गाड़ी का नियंत्रण खोना रही।

Exit mobile version