पंजाब डेस्क: जालंधर के संतोखपुरा इलाके में हाल ही में डॉ. यशपाल के घर और कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह और लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के जंडियाला गुरु के बडाला जोहल गांव के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है।
28 फरवरी की रात चलाई थीं 10 गोलियां
जानकारी के अनुसार, यह हमला 28 फरवरी की रात को बाइक सवार इन दो हमलावरों ने डॉक्टर के घर और उनकी नई कार पर 10 गोलियां चलाई थीं। घटना के समय आरोपियों की मोटरसाइकिल पर धार्मिक झंडा लगा हुआ था और गोलियां चलाने के बाद वे करतारपुर की तरफ भाग गए थे। पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद से कार्रवाई करते हुए देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें:
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल भी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के लिए भी छानबीन की जा रही है।

