जालंधर: नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस और सेहत विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 3 मेडिकल स्टोरों, 2 पार्कों और एक नशा मुक्ति केंद्र में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक व्यक्ति को काबू किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत शहर में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वेस्ट हलके में पुलिस और सेहत विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। टीमों ने जगदंबे मेडिकल स्टोर सहित तीन मेडिकल स्टोरों की जांच की। इसके अलावा दो पार्कों और एक नशा मुक्ति केंद्र में भी दबिश दी गई।
एसीपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पार्कों में बैठकर नशा करते हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर जांच की और एक व्यक्ति को काबू कर लिया। उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर अमित बांसल ने बताया कि सेहत विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर तीन मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों के स्टॉक और दुकानों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु सामने नहीं आई है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आने वाले दिनों में अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी जांच जारी रहेगी।
📍 Location: कपूरथला रोड (जालंधर)

