Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

माता गुजरी खालसा स्कूल में बच्चा उठाने की अफवाह निकली झूठी, पुलिस ने किया मामला स्पष्ट

September 23, 2026

माता गुजरी खालसा स्कूल में बच्चा उठाने की अफवाह निकली झूठी, पुलिस ने किया मामला स्पष्ट

जालंधरः थाना बस्ती बावा खेल के अंतर्गत आते माता गुजरी खालसा स्कूल में बच्चा उठाने वाले व्यक्ति के दाखिल होने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को पुलिस ने बेबुनियाद बताया है। एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे व्यक्ति के बच्चा उठाने की पुष्टि होती हो।

पुलिस के अनुसार, बिहार निवासी राम बहादुर, जो वर्तमान में मकसूदां मंडी के पास रह रहा है, शराब के नशे की हालत में स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। वह स्कूल में एक बच्चे के दाखिले की प्रक्रिया संबंधी जानकारी लेने के लिए पूछताछ कर रहा था। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राम बहादुर के खिलाफ कोई पुराना मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं, बच्चे को उठाने के संबंध में भी पुलिस के सामने कोई तथ्य या शिकायत नहीं आई। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उसके बच्चा उठाने वाला होने की खबर वायरल हो गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी पोस्ट, अफवाह या अपुष्ट खबर को बिना सत्यापन के आगे शेयर न करें। ऐसी अफवाहों से लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

वहीं, पुलिस स्कूल प्रबंधन से व्यक्ति के स्कूल परिसर में दाखिल होने के तरीके और मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बातचीत कर रही है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा रहा है।

📍 Location: जालंधर बस्ती बाबा खेल थाना (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें