जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने लूट की एक वारदात को सुलझाते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सुभाष गोराई मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उनका बाइक, पर्स और अन्य सामान छीन लिया। पर्स में करीब 8 हजार रुपये, पांच एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बताया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मिले। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक से भागने की कोशिश की, लेकिन बारिश के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान उन्हें चोटें भी आईं।
पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान मीठापुर निवासी विक्रम माहे और अमनदीप सिंह के रूप में की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वे किसी अन्य लूट या चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।

