जालंधर: स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 15 अगस्त के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से करवाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (जांच) विनीत आहलावत, पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकेश कुमार के अलावा जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
संवेदनशील जगहों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी
SSP ने अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष नाकाबंदी, फ्लैग मार्च, रात के समय चेकिंग, एंटी-सबोटाज जांच और पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा। पुलिस की ओर से सरकारी दफ्तरों, स्कूल-कॉलेजों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
संदिग्ध लोगों और वाहनों की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके अलावा थाना प्रभारियों को फ्लैग मार्च करने और लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा बना रहे।
ट्रैफिक और आपात स्थिति पर भी फोकस
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। SSP ने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से की अपील
SSP हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस स्वतंत्रता दिवस समारोहों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। स्वतंत्रता दिवस तक जिले में चेकिंग, नाकाबंदी, फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त का अभियान जारी रहेगा।

