जालंधरः जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया के नेतृत्व में आज मुफ्त प्राथमिक सहायता, सीपीआर और आपदा प्रबंधन संबंधी एक दिवसीय ट्रेनिंग करवाई गई। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में विभिन्न शैक्षिक संस्थानों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुफ़्त प्राथमिक सहायता, सी.पी.आर. और आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी हर व्यक्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान पूरी गंभीरता से जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे किसी अप्रिय घटना या प्राकृतिक आपदा में घायल हुए व्यक्ति की मदद कर सकें।
उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के समय सही जानकारी, समय पर मदद और सूझ-बूझ से उठाए गए कदमों से कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ज़िले के अन्य स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी यह ट्रेनिंग करवाई जाएगी। इससे पहले सचिव ज़िला रेड क्रॉस सोसाइटी डा. सुरजीत लाल ने मुख्य अतिथि और अन्य का धन्यवाद करते हुए ज़िला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा करवाई जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण प्रोग्राम के दौरान सिविल अस्पताल के डॉक्टर डा. पीयूष खन्ना द्वारा विद्यार्थियों को मुफ़्त प्राथमिक सहायता और सी.पी.आर. के बारे में ट्रेनिंग दी गई। जबकि सुपरिंटेंडेंट सिविल डिफेंस धर्मिंदर सिंह और सिविल डिफेंस के इंस्ट्रक्टर गगनदीप सिंह द्वारा प्राकृतिक आपदा के समय सुरक्षा संबंधी ज़रूरी जानकारी दी गई।
ट्रेनिंग प्रोग्राम में लायलपुर खालसा कॉलेज, लायलपुर खालसा कॉलेज फॉर वुमन, खालसा कॉलेज लायलपुर इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, डिप्स स्कूल नूरपुर, सी.टी. इंस्टीट्यूट मकसूदां, डीएवीईटी जालंधर और इनोसेंट हार्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर लेखाकार नेकराम, सुरेखा शर्मा, सुनीता कुमारी, नरेश कुमार, बलविंदर सिंह और रेड क्रॉस सोसाइटी का अन्य स्टाफ भी मौजूद था।

