Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर: लद्देवाली में चोरो ने SBI का ATM काटकर लुटे 45 लाख रुपए

July 20, 2025

जालंधर: लद्देवाली में चोरो ने SBI का ATM काटकर लुटे 45 लाख रुपए

जालंधर: रामामंडी के लद्देवाली फ्लाईओवर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम को शुक्रवार रात गैस कटर लुटेरा गिरोह उखाड़ कर ले गया। बताया जा रहा है कि एटीएम में 45 लाख रुपए पड़े हुए थे। वहीं वारदात को अंजाम देने सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार चार लुटेरे आए थे। वारदात से पहले लुटेरों ने एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर दिया ताकि उनकी यह काली करतूत कोई देख न पाए। वहीं इस मामले को ट्रेस करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने स्पैशल टीमों सहित करीब 20 टीमें मैदान में उतारी हैं जोकि प्रत्येक एंगल से जांच में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार एटीएम में कोई सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं था। हालांकि बैंकों को पुलिस द्वारा एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड रखने की हिदायतें पहले ही दी हुई हैं। लुटेरे जाते समय सब्बल वहीं छोड़ गए। पुलिस ने सब्बल को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि सुबह 9.30 बजे उन्हें एटीएम उखाड़कर ले जाने की सूचना मिली थी जिसके दौरान लुटेरे कैश की सभी ट्रे लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि अभी कैश को लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बैंक के साथ घटना को लेकर बात की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चौकीदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं इस संबंध में कमिश्नरेट पुलिस के एडीसीपी सिटी-1 आकर्षि जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि लुटेरे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे। इसके बाद सीसीटीवी के माध्यम से यह भी पता चला कि लुटेरे संख्या में चार थे, लुटेरे एटीएम के अंदर दाखिल हुए और आते ही सबसे पहले ब्लैक रंग का स्प्रे एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कर दिया। इसके बाद गैस कटर की मदद से लुटेरों ने एटीएम को काटा और बाद में लोहे की सब्बल से उसे उखाड़ा गया। पुलिस अधिकारियों की मानें तो वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे लद्देवाली से जंडूसिंघा की तरफ होते हुए होशियारपुर की तरफ फरार हो गए।

इस संबंध में एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि मामले को ट्रेस करने के लिए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के आदेश अनुसार स्पैशल टीमों का गठन किया गया है जिसमें सीआईए स्टाफ, क्राइम ब्रांच, स्पैशल ऑपरेशन सैल की टीमों के साथ-साथ थाना रामामंडी और टैक्निकल सैल की अलग-अलग करीब 20 टीमों को मैदान में उतारा गया है। ये टीमें मौका-ए-वारदात से कॉल डंप से लेकर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य प्रकार के टैक्निकल संसाधनों की मदद से जांच में जुटी हुई हैं। वहीं मौका-ए-वारदात से बरामद हुई लोहे की सब्बल को भी कब्जे में लेकर फॉरैंसिक जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो मामले को लेकर जल्द ही पुलिस के हाथ कामयाबी लगेगी और इसका खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें :- वैश्विक दबाव के बीच बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें