जालंधरः महानगर के वार्ड नंबर-27 में पिछले तीन-चार दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर प्रशासन और मेयर को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। पानी नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। लोगों के मुताबिक, परेशानी के चलते कई बच्चे पिछले दिनों स्कूल भी नहीं जा सके।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम से तीन पानी के कैंटर भेजने की मांग की गई थी, लेकिन निगम की ओर से केवल एक कैंटर भेजा गया। इससे पूरे मोहल्ले के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका। इस दौरान पार्षद शैरी चड्डा ने लोगों के साथ मिलकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
उन्होंने कहा कि जेई और मेयर को लगातार फोन किए जा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आधे घंटे में मोटर नहीं चलवाई गई तो नगर निगम कार्यालय को ताला लगाकर प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध जताते हुए लोगों ने खाली बाल्टियां बजाकर प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया।
📍 Location: जालंधर (जालंधर)

