नेशनल डेस्कः टेरिटोरियल आर्मी बटालियन मुख्यालय बाड़ी ब्राह्मणा में ड्यूटी चार्ट को लेकर हुए विवाद के बाद सेना के एक जवान ने अपने सीनियर अधिकारी पर फायरिंग कर दी। इस घटना में घायल हुए सूबेदार सुरजीत सिंह (46) की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी जवान पारुल शर्मा मौके से फरार हो गया है।
यह घटना मंगलवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, रियासी जिले के सिरला गांव निवासी जेसीओ सुरजीत सिंह और बिश्नाह (जम्मू) के कनहाल निवासी 26 वर्षीय सिपाही पारुल शर्मा के बीच ड्यूटी चार्ट को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पारुल शर्मा ने अपनी सर्विस राइफल (इंसास) से करीब पांच से छह राउंड फायर किए। गंभीर रूप से घायल सुरजीत सिंह को तुरंत सतवारी स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी जवान फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसने अपनी सर्विस राइफल और मोबाइल फोन घटनास्थल के पास फेंक दिए। सूचना के अनुसार, आरोपी सेना की वर्दी में है और उसके पास चार मैगजीन व करीब 80 गोलियां होने की आशंका है। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उसकी तलाश के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। पुलिस और सेना के अधिकारी संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं और क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
पैतृक गांव पहुंचा जेसीओ का पार्थिव शरीर
गोली लगने से जान गंवाने वाले जेसीओ सुरजीत सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार शाम उनके पैतृक गांव सिरला (भागा) पहुंचा। मौत की सूचना मिलते ही परिजन जम्मू रवाना हुए थे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव गांव लाया गया।
जेसीओ सुरजीत सिंह, स्वर्गीय राम दयाल के पुत्र थे और वे एक बहन व तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। वर्ष 2011 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में 13 वर्षीय बेटा और 4 वर्षीय बेटी हैं। बताया जाता है कि वे लगभग एक माह पहले घर आए थे और दो दिन पहले ही उन्होंने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी। उनकी मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

