Job Placement Camp in Amritsar Today, Salary Up to ₹35,000 अमृतसर। पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 20 नवंबर 2026 को जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर में प्लेसमेंट कैंप लगाया जा रहा है।
यह जानकारी डॉ. रुपिंदर पाल सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास)-कम-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर ने दी। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए डिप्टी डायरेक्टर श्री प्रभजोत सिंह ने बताया कि यह प्लेसमेंट कैंप 20 नवंबर, दिन शुक्रवार को सुबह 10 बजे जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय की ग्राउंड फ्लोर पर, सुविधा केंद्र के नजदीक, अमृतसर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कैंप के दौरान सेवा केंद्र (बाबा बकाला, छज्जलवड्डी और खिलचियां), एम.एस.एम.ई. टेक्नोलॉजी सेंटर, इंडसइंड निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस सहित विभिन्न नामी कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इस प्लेसमेंट कैंप में 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन तथा पोस्ट ग्रेजुएशन की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले लड़के एवं लड़कियां भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को कंपनियों द्वारा 35,000 रुपये तक प्रति माह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की कि वे अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा बायोडाटा लेकर 20 नवंबर को सुबह 10 बजे जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय, कचहरी चौक के नजदीक, अमृतसर में पहुंचें और रोजगार के इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

