Site icon Dainik Savera Times

जालंधर दिलकुशा मार्कीट में हैल्थ विभाग-पुलिस का संयुक्त एक्शन; होलसेल दवा एजैंसी पर छापा

जालंधर : महानगर में नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने दवाइयों की सबसे बड़ी होलसेल मंडियों में शामिल दिलकुशा मार्कीट में संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों की टीम ने एक साथ कई मैडीकल होलसेल प्रतिष्ठानों पर दस्तक दी, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों के स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड और दवाइयों के रखरखाव संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

जानकारी के अनुसार ड्रग इंस्पैक्टर अनूपमा कालिया, सुधा, परमिंदर सिंह और दिनेश सांपला की अगुवाई में पहुंची टीम ने गुप्ता एजैंसी में विशेष जांच की। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक का मिलान रिकॉर्ड से किया और विभिन्न दस्तावेजों की भी जांच-पड़ताल की। टीम ने दवाइयों के भंडारण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

नशा तस्करी पर रोक के लिए जारी है अभियान :-
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार मैडीकल स्टोरों और होलसेल दवा कारोबारियों की निगरानी कर रही हैं, ताकि नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। सूत्रों के अनुसार जांच अभी जारी है और दस्तावेजों व बरामद सामग्री की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version