Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

शहीद जोरा सिंह को नमन, बलिदान से देशभक्ति की प्रेरणा लेने का आह्वान

October 15, 2026

शहीद जोरा सिंह को नमन, बलिदान से देशभक्ति की प्रेरणा लेने का आह्वान

Kargil Martyr Zora Singh Remembered : मोगा। ऑल इंडिया वाल्मीकि खालसा दल की ओर से कारगिल युद्ध के शहीद जोरा सिंह का जन्मदिन श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। बस्ती लाल सिंह, बहोना रोड स्थित दल के मुख्य कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके बलिदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियां हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने की अपील की। इस मौके पर दल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शहीद जोरा सिंह को याद करते हुए देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा दिए गए बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद की बहादुरी, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बलवीर सिंह जेई (सेवानिवृत्त) और बलविंदर सिंह घारू को दल की ओर से सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। दल के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह गिल ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी मेहमानों का स्वागत किया और उन्हें सिरोपा भेंट करके सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि शहीदों की याद में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, बलिदान और देश के प्रति कर्तव्यों से अवगत करवाना है। समारोह को संबोधित करते हुए बलवीर सिंह जेई ने कहा कि शहीद जोरा सिंह जैसे बहादुर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। कारगिल की पहाड़ियों में दुश्मनों का सामना करते हुए भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। शहीद जोरा सिंह ने भी देश की खातिर अपनी जान की बाजी लगा दी। ऐसे वीर जवानों का बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन व्यतीत कर पाते हैं। शहीदों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि धन्य है वह मां, जिसने शहीद जोरा सिंह जैसे वीर सपूत को जन्म दिया। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें और देश, समाज तथा मानवता की सेवा के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का एहसास करवाते हैं।

इस मौके पर दल के अध्यक्ष गुरमेल सिंह बहोना, डॉ. जसवीर चंद, नछत्तर सिंह, राम सिंह गिल, गुरमेल सिंह, गुग्गू सिंह, विनोद सिंह गिल, नंदू सिंह, सुखविंदर सिंह घारू, गुरमेल सिंह खालसा, कुलदीप सिंह माहला, बलदेव सिंह औलख, मंगा सिंह, हरप्रीत सिंह घारू और बेअंत सिंह गिल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी ने शहीद जोरा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें