Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दुश्मन बने दोस्त ने ही साथियों समेत गोलियां मारकर की कार्तिक बग्गन की हत्या

September 17, 2025

दुश्मन बने दोस्त ने ही साथियों समेत गोलियां मारकर की कार्तिक बग्गन की हत्या

लुधियाना: सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर कार्तिक बग्गन की हत्या करने वाले और कोई नहीं, बल्कि कभी उसका दोस्त रहा इस्लाम गंज निवासी अमनदीप सिंह उर्फ सैम ही था, सैम ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर गोलियां मारकर कार्तिक की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपसी खींचतान और पार्किग को लेकर हुआ विवाद ही इस हत्या का कारण बना। पूरी प्लानिंग के साथ हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया। लुधियाना पुलिस ने इस मामले में सैम और उसके साथी गौतम को श्री हजूर साहिब नांदेड़ साहिब से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वारदात के समय कार्तिक की पूरी जानकारी और लोकेशन देने वाले साहिल को भी पुलिस ने काबू कर लिया। हालांकि इस हत्याकांड के आरोपी विक्की निहंग समेत 6 आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामले के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि 23 अगस्त 2025 की रात लगभग 10:45 बजे कार्तिक बग्गन अपने दोस्त के साथ एक्टिवा पर जा रहा था। आईसीआईसीआई बैंक चौक, सुंदर नगर में अज्ञात बाइक सवारों ने उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस मामले में थाना दरेसी की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सी.सी.टी.वी. में 2 बाइक सवार बग्गन पर गोलियां मारते नजर आए। जब बारीकी से सी.सी.टी.वी. की जांच की तो शूटरों के साथ 2 और बाइक पर 6 लोग भी इसमें रिकॉर्ड हुए। इस पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने बग्गन के सोशल मीडिया अकाऊंट भी खंगाले और इसके साथ ही तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की पहचान की।

सी.पी. के मुताबिक दोनों आरोपियों की तलाश में छापामारी की गई लेकिन आरोपी लुधियाना छोड़कर भाग गए। इस पर पुलिस टीम ने हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा में आरोपियों की तलाश में रेड की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को नांदेड़ (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया गया। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की देसी पिस्तौल, 315 बोर का कट्टा और 4 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों ने इन्हीं हथियारों से गोलियां चलाई, इसकी जांच की जाएगी।

सी.पी. ने बताया कि आरोपी सैम पहले कार्तिक का दोस्त था। लेकिन बाद में उनकी दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। वह लोग इंस्टाग्राम पर भी एक दूसरे को गालियां देते थे। इसके बाद सैम और उसके साथियों ने कार्तिक की हत्या की योजना बनाई और फिर तय समय पर वारदात को अंजाम दिया। सी.पी का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- सौरभ बेदी की बाहों में झूमती नजर आई मलाइका अरोड़ा, सोशल मीडिया पर उड़ी डेटिंग की अफवाहें

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें