Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्री गुरु रविदास जी की जयंती को मद्देनजर रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर किए जारी

February 10, 2025

श्री गुरु रविदास जी की जयंती को मद्देनजर रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर किए जारी

जालंधर: श्री गुरु रविदास महाराज जी का 648वां प्रकाश पर्व 12 फरवरी को बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. गुरमीत लाल के नेतृत्व में सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने गुरु रविदास जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सिविल सर्जन ने समस्त स्टाफ को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर चलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने जात-पात, ऊंच-नीच, गरीब-अमीर के भेदभाव से ऊपर उठकर पूरी दुनिया को एक साथ रहने की शिक्षा दी। हमें सभी का कल्याण चाहते हुए सभी को समान आदर व सम्मान देना चाहिए तथा अपने बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 11 फरवरी 2025 को जालंधर शहर में भव्य शोभायात्र निकाली जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग जालंधर ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए हैं। 11 फरवरी को स्वास्थ्य विभाग ने आठ चिकित्सा दलों को एम्बूलेंस के साथ जालंधर के आठ मुख्य चौराहों – वडाला चौक, रविदास धाम, डॉ. बीआर इसे अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, राम चौक, लव-कुश चौक, पटेल चौक और सब्जी मंडी चौक पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही 11 व 12 फरवरी को गुरु रविदास मंदिर, बूटा मंडी में 24 घंटे मेडिकल टीम व 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

सिविल सर्जन ने बताया कि मेडिकल टीमों का नेतृत्व नोडल अधिकारी, सहायक सिविल सर्जन डॉ. ज्योति फुकेला की देखरेख में तैनात किया जाएगा, जिनसे मोबाइल नंबर – +9173409 07579 पर संपर्क किया जा सकता है। आपातकाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिस पर हेल्पलाइन नंबर 0181-5083336 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 12 फरवरी 2025 को होने वाले धार्मिक समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इसे देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, रविदास चौक और बबरीक चौक पर मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस उपलब्ध रहेंगी। पिम्स अस्पताल, ऑर्थोनोवा अस्पताल और सिविल अस्पताल जालंधर में ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए गए हैं।

ये भी पढ़ें: WhatsApp यूजर्स के लिए खुशखबरी, स्टेटस शेयरिंग में मिलेगा नया प्राइवेसी कंट्रोल, जानिए कैसे

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें