चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा और कांग्रेस पर दिये गये ‘छिपे रिश्ते’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि असली छिपा हुआ रिश्ता तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का है। चुघ ने कहा, ‘‘पूरा देश जानता है कि कांग्रेस के साथ वह ‘अनैतिक गठबंधन’ आपने ही 2013 में किया था।’’
उन्होंने याद दिलाया कि केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम खाकर कहा था कि वह कभी कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया था कि उनके पास पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और कांग्रेस के खिलाफ दो बोरे भरकर सबूत हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘10 साल केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उस तथाकथित बोरे का मुंह तक नहीं खोला।’’
चुघ ने कहा, ‘‘2024 के लोकसभा चुनावों में आप ने हरियाणा और दिल्ली में कांग्रेस के साथ खुलेआम गठबंधन किया है। और पंजाब में, यह अब एक खुला रहस्य है-आप और कांग्रेस ने बारी-बारी से शासन करने और हर पांच साल में पंजाब को लूटने का गुप्त समझौता किया है।’’

