Site icon Dainik Savera Times

खन्ना के युवक की रूस में समुद्र में डूबने से मौत; परिवार का था इकलौता बेटा, केंद्र सरकार से शव लाने में मदद की मांग

Khanna : अमलोह रोड पर सनसिटी में किराए के फ्लैट में रहते एक परिवार का इकलौता बेटा विदेशी धरती पर हादसे का शिकार हो गया जिसमें 20 वर्षीय साई ध्रुव कपूर की मौत हो गई। साई ध्रुव रूस के मास्को में स्टडी करता था। रविवार को अपने तीन दोस्तों के साथ मास्को में समुद्र किनारे नहाने गया था।

इसी बीच समुद्र की तेज लहरों के बीच साई ध्रुव बह गया जबकि उसके दोस्त बाल बाल बच गए। जब तक साई ध्रुव को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रूस से साई को रेस्क्यू करके बाहर निकालने व अस्पताल पहुंचाने की फुटेज भी परिवार के पास पहुंची है। पिता करण कपूर ने बताया कि वे ऋण सलाहकार के तौर पर अमलोह रोड पर छोटा सा ऑफिस चलाते हैं।

परिवार पहले से आर्थिक तौर पर मजबूत नहीं है। साई ध्रुव को करीब एक साल पहले ही स्टडी वीजा पर रूस भेजा गया था। रविवार को ध्रुव ने पहले अपने घर फोन करके पिता से बोला था कि वह दोस्तों संग समुद्र किनारे घूमने जा रहा है।

पिता पहले मना करने लगे थे लेकिन मन में आया कि सप्ताह भर के बाद बेटे को जाना होता है क्यों रोकना है। कुछ ही समय बाद फोन पर सूचना मिली कि बेटा समुद्र में बह गया। उसका शव निकाला गया। ध्रुव परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार ने केंद्र व पंजाब दोनों सरकारों से मांग की है कि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार भारत में करना चाहते हैं। उनकी शव लाने में मदद की जाए।

Exit mobile version