Site icon Dainik Savera Times

लुधियानाः मोबाइल किस्त भरने के बहाने दोस्त को झाड़ियों में ले गया, ईंट से सिर पर वार कर की हत्या

लुधियानाः मांस बाजार के पास झाड़ियों में 20 वर्षीय युवक का शव मिलने के मामले में हत्या का खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौत सिर पर ईंट से वार किए जाने के कारण हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके दोस्त हरमन सिंह उर्फ हैरी की तलाश शुरू कर दी है।

डीएसपी विनोद कुमार के मुताबिक, मृतक के पिता दिलीप सिंह नगर, खन्ना निवासी अमृत पासवान ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका बेटा सचिन कुमार 31 अक्टूबर की शाम मोबाइल फोन की किस्त जमा करवाने के लिए बुक मार्केट गया था। इस दौरान उसका दोस्त हरमन सिंह उर्फ हैरी भी उसके साथ था, जो मोहल्ला हड्डा रोड़ी का रहने वाला है।

शिकायत के अनुसार, मोबाइल की किस्त जमा करवाने के बाद हरमन सिंह सचिन को मांस बाजार के पास झाड़ियों में ले गया और उसे नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद सचिन घर नहीं लौटा। कुछ समय बाद परिवार को फोन पर सूचना मिली कि सचिन का शव मांस बाजार के पास झाड़ियों में पड़ा है।

शुरुआत में परिवार ने आशंका जताई थी कि सचिन की मौत नशीले पदार्थ के ओवरडोज के कारण हुई है। हालांकि, सिटी-2 पुलिस द्वारा करवाए गए पोस्टमॉर्टम और जांच में सामने आया कि हरमन सिंह ने कथित तौर पर सचिन के साथ झगड़े के बाद उसके सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी और उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी हरमन सिंह उर्फ हैरी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

Exit mobile version