Site icon Dainik Savera Times

अटारी में ‘खेडां वतन पंजाब दीयां 2026’ सीजन-4 का आगाज, विधायक जसविंदर सिंह रमदास ने किया उद्घाटन

अमृतसर: अटारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जसविंदर सिंह रमदास ने आज ब्लॉक अटारी में ‘खेडां वतन पंजाब दीयां 2026’ के सीजन-4 का उद्घाटन किया। ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के तहत आयोजित कार्यक्रम सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अटारी में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

खिलाड़ियों से मिले विधायक, बढ़ाया हौसला

उद्घाटन के दौरान विधायक ने विभिन्न खेलों में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को ज्यादा से ज्यादा खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

विधायक ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़े युवा स्वस्थ, मजबूत और नशामुक्त पंजाब की नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

ब्लॉक से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

विधायक जसविंदर सिंह रमदास ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ सीजन-4 का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं की शुरुआत ब्लॉक स्तर से की जा रही है। इसके बाद खिलाड़ियों को जिला स्तर और फिर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों में खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पंजाब सरकार की ओर से नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश की युवा पीढ़ी को खेल मैदानों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर पंजाब का नाम रोशन कर सकें।

Exit mobile version