मोगा: ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत खेल भावना को और बढ़ावा देने के लिए निकाली जा रही मशाल मार्च 4 सितंबर को फरीदकोट से मोगा जिले में प्रवेश करेगी। मशाल मार्च समालसर पहुंचने के बाद बाघापुराना, जोगिंदर सिंह चौक और भूपिंदरा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल से होते हुए गोधेवाल इंडोर स्टेडियम, मोगा पहुंचेगी, जहां मशाल का पूरे मान-सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा। 5 सितंबर को गोधेवाल इंडोर स्टेडियम, मोगा से मशाल मार्च को गांव थराज के लिए रवाना किया जाएगा और इसके बाद मशाल जिला बठिंडा को सौंप दी जाएगी।
इस संबंधी जानकारी देते हुए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ज) श्री जसपिंदर सिंह ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत खिलाड़ियों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। खिलाड़ी अपना पंजीकरण sports.punjab.gov.in पर करवा सकते हैं। उन्होंने आज अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण करवाने और पुख्ता प्रबंधों के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मोगा जिले में ब्लॉक स्तरीय खेलें 9 सितंबर से शुरू होकर 18 सितंबर तक चलेंगी।
ब्लॉक निहाल सिंह वाला की खेलें 9 और 10 सितंबर को अकाली करतार सिंह स्टेडियम, बिलासपुर में होंगी। ब्लॉक कोट ईसे खां की खेलें 11 और 12 सितंबर को शहीद जैमल सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घलोटी में करवाई जाएंगी। इन खेलों में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल (शूटिंग/स्मैशिंग), फुटबॉल, खो-खो और कबड्डी (सर्कल एवं नेशनल स्टाइल) के मुकाबले करवाए जाएंगे तथा सभी आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
इसी तरह ब्लॉक धर्मकोट की खेलें 13 और 14 सितंबर को एस.बी.आर.एस. गुरुकुल महिणा और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महिणा में करवाई जाएंगी। ब्लॉक बाघापुराना की खेलें 15 और 16 सितंबर को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रोडे और यूनिक पब्लिक स्कूल, समालसर में होंगी। ब्लॉक मोगा की ब्लॉक स्तरीय खेलें 17 और 18 सितंबर को गुरु नानक कॉलेज, मोगा और गोधेवाल इंडोर स्टेडियम में करवाई जाएंगी। इन मुकाबलों में लड़कों और लड़कियों के सभी आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ड्यूटियां सौंपी गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को खेलों का सुचारू और प्रभावी ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए।
📍 Location: मोगा

