Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026 : 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य

September 10, 2026

‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026 : 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य

Khedan Watan Punjab Diyan Begins, Target 10 Lakh Players : अमृतसर। पंजाब सरकार की ओर से आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा में इन खेलों का उद्घाटन किया था, जबकि खेलों का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी विधानसभा क्षेत्र अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने आज जिला प्रशासन, खेल संस्थाओं और आम आदमी पार्टी के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटरों के साथ जिला प्रशासनिक परिसर में बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। विधायक डॉ. निज्जर ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का पहला सीजन मान सरकार की ओर से वर्ष 2022 में शुरू किया गया था। इन खेलों में पिछले वर्षों में पांच लाख तक खिलाड़ियों की भागीदारी रही है और इस वर्ष 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 9 आयु वर्गों में 38 खेलों, एक प्रदर्शनी खेल (टेनिस बॉल क्रिकेट) और 4 पैरा खेलों के मुकाबले ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर करवाए जा रहे हैं। लड़कों और लड़कियों के अलग-अलग मुकाबले होंगे। विजेता खिलाड़ियों को 12 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि के साथ-साथ ग्रेडेशन प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 आयु वर्गों में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21-30 वर्ष, 31-40 वर्ष, 41-50 वर्ष, 51-60 वर्ष, 61-70 वर्ष तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं।

8 से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर मुकाबले

डॉ. निज्जर ने बताया कि अमृतसर जिले सहित पूरे पंजाब में 8 सितंबर से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर 7 खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इन सात खेलों में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), कबड्डी (सर्कल स्टाइल), फुटबॉल, वॉलीबॉल (स्मैशिंग) और वॉलीबॉल (शूटिंग) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से 30 सितंबर तक जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर ब्लॉक स्तर की 7 खेलों के विजेताओं के अलावा 21 अन्य खेलों के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर करवाए जाएंगे। इस प्रकार जिला स्तर पर कुल 28 खेलों के मुकाबले होंगे।

10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक राज्य स्तरीय मुकाबले

इन 21 अतिरिक्त खेलों में हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किक बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, रेसलिंग, स्विमिंग, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, शतरंज, शूटिंग, फेंसिंग, रोलर स्केटिंग और आर्चरी शामिल हैं। विधायक डॉ. निज्जर ने बताया कि 10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक राज्य स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तर पर जिला स्तर की 28 खेलों के विजेताओं के अलावा 10 अन्य खेलों को सीधे राज्य स्तर पर शामिल किया गया है। इस प्रकार राज्य स्तर पर कुल 38 खेलों के मुकाबले होंगे। इन 10 खेलों में जिम्नास्टिक, रोइंग, कयाकिंग-कैनोइंग, वुशू, रग्बी, साइकिलिंग, घुड़सवारी, ताइक्वांडो, बेसबॉल और कराटे शामिल हैं।

25 से 28 नवंबर तक पैरा खेलों के मुकाबले

उन्होंने बताया कि 25 से 28 नवंबर तक चार पैरा खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा बैडमिंटन, व्हीलचेयर बास्केटबॉल और पैरा एथलेटिक्स शामिल हैं। विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने युवाओं और खिलाड़ियों से अपील की कि वे इन खेल मुकाबलों के लिए अपना नाम रजिस्टर करवाकर अधिक से अधिक संख्या में विभिन्न खेलों में भाग लें। उन्होंने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों के साथ प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे तथा पंजाब सरकार की नीति के तहत इन खेलों के विजेता खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स कोटा भी आरक्षित होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें