Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाल चंद कटारूचक्क ने राजपुरा अनाज मंडी से राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करवाई

April 3, 2025

लाल चंद कटारूचक्क ने राजपुरा अनाज मंडी से राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करवाई

राजपुरा: पंजाब के खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता सुरक्षा मामले विभाग के मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज राजपुरा अनाज मंडी में राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद की शुरूआत करवाई। इस मौके पर कटारूचक्क ने गांव भप्पल के किसान हरविंदर सिंह द्वारा मंडी में लाई गई गेहूं की ढेरी की बोली करवाते हुए राज्य के किसानों का पंजाब की मंडियों में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से स्वागत किया। इस मौके पर उनके साथ राजपुरा के विधायक नीना मित्तल, विभाग के सचिव राहुल तिवारी, निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा और डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव, मार्कीट कमेटी चेयरमैन दीपक सूद भी विशेष तौर से मौजूद थे।
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने इस मौके पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए बताया कि आरबीआई द्वारा पंजाब को 28894 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट प्राप्त हुई है और पंजाब सरकार राज्य के करीब 8 लाख किसानों के गेहूं की फसल का एक-एक दाना 2425 रुपये के एमएसपी पर खरीदेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में सभी प्रबंध पूर्ण किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की 1865 मंडियों के अलावा जरूरत पड़ने पर 600 अस्थायी खरीद केंद्रों का प्रबंध भी किया गया है, जहां गेहूं की खरीद के लिए आवश्यक बारदाने के 5 लाख गट्ठों के प्रबंध भी पूर्ण हैं। लाल चंद कटारूचक्क ने आगे बताया कि एफसीआई ने पंजाब के लिए 124 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य रखा है और परमात्मा की कृपा से इस बार राज्य में गेहूं की बंपर फसल की संभावना है जिसके चलते यह लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने पंजाब के किसानों को आह्वान किया है कि वे बिल्कुल चढ़दीकला में अपनी फसल मंडियों में लेकर आएं और सरकार एक-एक दाना खरीदने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों समेत मजदूरों को कोई मुश्किल नहीं आने दी जाएगी, जिसके लिए खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग समेत विभिन्न विभागों के साथ-साथ पूरा प्रशासन पूरी तत्परता से ड्यूटी निभाएगा। इस मौके पर ए.डी.सी. (शहरी विकास) नवनीत कौर सेखों, आढ़ती एसोसिएशन के पंजाब प्रधान रविंदर सिंह चीमा, आढ़ती एसोसिएशन जिला पटियाला प्रधान जसविंदर सिंह राणा, मार्किट कमेटी चेयरमैन राजपुरा दीपक सूद, प्रधान अनाज मंडी दविंदर सिंह वैदवान समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

ये भी पढ़ें: रात में मुनक्का खाना क्यों है फायदेमंद? जान लें कारण और सही तरीका 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें