Launch of ‘Mera Gaon 360 Center : जालंधर। पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने आज गांव टुरना में ‘मेरा गांव 360 सेंटर’ की शुरुआत के अवसर पर कहा कि समाज सेवी संस्थाओं की ओर से सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर समाज कल्याण के लिए सराहनीय भूमिका निभाई जा रही है।
लाइब्रेरी से शिक्षा को बढ़ावा, नशे से दूरी का संदेश
शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा गांव के जमपल परिवार के सहयोग से किए गए इस उपक्रम के तहत गांव में लाइब्रेरी खोली जाएगी, जिसके लिए किताबें पहले ही पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी की सुविधा से युवाओंं पढ़ने की रुचि बढ़ेगी और वे नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रहने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि नौजवानों को सही दिशा देकर उनकी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाना समय की मुख्य आवश्यकता है, जिसमें यह लाइब्रेरी सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर एस.डी.एम. शाहकोट आदित्य गुप्ता भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि गांव के हांडा परिवार की सरूची हांडा पत्नी आज़ाद एस. हांडा (ऑस्ट्रेलिया) के परिवार द्वारा ‘मेरा गांव 360 फाउंडेशन’ को अपना पैतृक घर समाज सेवी कार्यों के लिए दिया गया है। उन्होंने संस्था के फाउंडर भुपिंदर सिंह हुंदल द्वारा समाज सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। शर्मा ने समाज के अन्य लोगों और संस्थाओं को भी समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि साझा प्रयासों से ही गांवों और शहरों में शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं की भलाई और अन्य लोक-कल्याण कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

