Launch of the poetry collection ‘Khamoshiyan’ : अमृतसर। एकम साहित्य मंच, अमृतसर की विशेष साहित्यिक बैठक में वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि एस. परशोत्तम के नवप्रकाशित मौलिक काव्य संग्रह “खामोशियां” का औपचारिक लोकार्पण जैसा माहौल देखने को मिला। बैठक के दौरान एस. प्रशोतम ने मंच से जुड़े साहित्यकारों को अपने काव्य संग्रह की प्रतियां सम्मानपूर्वक भेंट कीं, जिसका उपस्थित रचनाकारों ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बैठक का आयोजन एकम साहित्य मंच की मुख्य संचालिका एवं एकम मैगजीन की संपादिका अरतिंदर संधू की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर मंच की सहयोगी संस्था राबता मुकालमा साहित्य मंच के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में साहित्यिक गतिविधियों, रचनात्मक संवाद और आगामी साहित्यिक आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साहित्यकारों ने काव्य संग्रह “खामोशियां” की सराहना करते हुए शीघ्र ही इस पर एक विशेष विचार गोष्ठी आयोजित करने का निर्णय लिया। एस. प्रशोतम ने सभी साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया, जबकि मेजबान अरतिंदर संधू ने चाय पार्टी के साथ सभी अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया।
बैठक में अरतिंदर संधू के अलावा उस्ताद ग़ज़लगो सरबजीत संधू, हरजीत सिंह संधू, सतविंदर सिंह ओठी, विश्व पंजाबी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं साहित्य, कला और संस्कृति के प्रोत्साहक सिफर सतबीर सिंह, मलकीत सिंह रासी, कवयित्री कंवलप्रीत कौर थिंद, राजखुशवंत सिंह संधू तथा पंकज सिंह सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार सतनाम माणक, प्रगतिशील लेखक सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. सुरजीत जज्ज, प्रसिद्ध नाटककार केवल धालीवाल, कथाकार मुख्तार गिल, फोकलोर रिसर्च अकादमी के अध्यक्ष रमेश यादव, अनुताश मैगजीन की संपादिका कमल गिल, मेघला मैगजीन के संपादक जतिंदर औलख तथा अक्षर मैगजीन के प्रबंध संपादक धरविंदर औलख सहित कई साहित्यकारों ने भी एस. प्रशोतम को उनके नए काव्य संग्रह “खामोशियां” के प्रकाशन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।