जालंधर: मोगा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर में लीकेज होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लीक हो रहे टैंकर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोगा से जालंधर स्थित एचपी प्लांट तक लाया गया। टैंकर को जमशेर खास स्थित एचपी प्लांट में पहुंचाने के दौरान रास्ते में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।
जानकारी के अनुसार, एचपी प्लांट पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने टैंकर की लीकेज वाली नोजल की मरम्मत शुरू की। करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने नोजल पर एम-सील लगाकर लीकेज को रोकने का प्रयास किया। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में कर्मचारी टैंकर की नोजल पर काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, प्लांट के कर्मचारियों ने पूरे मामले को लेकर मीडिया से बात करने से दूरी बनाए रखी।
टैंकर की सुरक्षा को देखते हुए इसके साथ एंबुलेंस और अलग-अलग शहरों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का काफिला भी चल रहा था। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में टैंकर को आगे रवाना किया गया। हालांकि, टैंकर की नोजल की मरम्मत किए जाने के बावजूद इसके अपनी निर्धारित मंजिल तक पहुंचने तक आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
📍 Location: देहाती इलाका लाबडा (जालंधर)

