जालंधर। शहर में गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू के पास स्थित राम मंदिर के नजदीक कुछ युवकों ने एक जेप्टो राइडर पर कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राइडर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जेप्टो राइडर विनय सेठ अपने मोटरसाइकिल पर डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान कार सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनय सड़क पर गिर गया, जिसके बाद युवकों ने उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने विनय के सिर पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए, जिससे उसके सिर की हड्डी टूट गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मां ने लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित परिवार का कहना है कि मामूली सी बात को लेकर युवकों ने उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। परिवार ने पुलिस को शिकायत दी है, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित की मां और भाई ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।

