Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

हल्की बारिश के आसार, राहत के साथ गिर सकता है तापमान

June 19, 2024

हल्की बारिश के आसार, राहत के साथ गिर सकता है तापमान

चंडीगढ़ : शहर में भीषण गर्मी और लू से लोग बेहाल है। बीते कई दिनों से शहर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। लेकिन जल्द ही शहरवासियों को इस भयंकर गर्मी से राहत मिल सकती है। क्योंकि मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार अगले 24 घंटों में शहर में हल्की बारिश होने के आसार बन रहे हैं। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.6 भी डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार अब गर्मी से राहत मानसून के दस्तक के बाद ही मिलेगी। फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा, मलकानगिरी, विजयनगरम और इस्लामपुर से होकर गुजर रही है।

अगले 4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भाग, पश्चिम बंगाल के कुछ भाग, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष भाग और बिहार के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून महाराष्ट्र और सिक्किम में सक्रिय हो गया है, लेकिन उसे चंडीगढ़ पहुंचने में देरी हो सकती है। मानसून अगर देरी से पहुंचता है, तो प्री-मानसून की बारिश भी लेट होने की संभावना है। इसकी वजह से अभी राहत की उम्मीद कम है। हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून के चंडीगढ़ पहुंचने की उम्मीद है।

आगे मौसम का हाल:
विभाग के अनुसार बुधवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वीरवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। ऐसे में अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें