Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्थानीय निकाय मंत्री Dr. Ravjot Singh ने किया अबोहर का औचक दौरा; शहर के विभिन्न इलाकों में पहुँचकर लोगों से नगर निगम सेवाओं संबंधी की बातचीत

May 27, 2025

स्थानीय निकाय मंत्री Dr. Ravjot Singh ने किया अबोहर का औचक दौरा; शहर के विभिन्न इलाकों में पहुँचकर लोगों से नगर निगम सेवाओं संबंधी की बातचीत

चंडीगढ़: स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज सुबह-सुबह अबोहर नगर निगम का औचक दौरा किया। उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं के संबंध में लोगों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएँ सुनीं। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के निगरान इंजीनियर को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए।

डॉ. रवजोत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को हल करने के निर्देशों के मद्देनजर ही वे अबोहर के इस औचक दौरे पर आए हैं। उन्होंने इस दौरान शहर के कूड़ा डंप, इंदिरा नगरी स्टेडियम, नेहरू स्टेडियम, सब्जी मंडी, कृष्णा नगरी, कुम्हार मोहल्ला और अजीमगढ़ इलाके का दौरा कर लोगों की समस्याएँ सुनीं और निचले स्तर पर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया।

इस दौरान कुम्हार मोहल्ला के लोगों द्वारा पीने के पानी में मिलावट की शिकायत किए जाने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मौके पर ही नगर निगम के निगरान इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने सख्ती से कहा कि लोगों के मुद्दे प्राथमिकता के आधार पर हल होने चाहिए और जैसे वे खुद विभिन्न वार्डों में जा रहे हैं, अधिकारी भी इसी तरह वार्डों में पहुँचकर लोगों की समस्याएँ सुनकर उनका हल करें।

कैबिनेट मंत्री ने कूड़ा डंप साइट पर निर्देश दिए कि पुराने कूड़े का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए और शहर से उठाए जाने वाले गीले और सूखे कूड़े को निर्देशों के अनुसार संभाला जाए। उन्होंने इंदिरा नगरी के स्टेडियम का दौरा करते हुए यहाँ और सुविधाएँ बढ़ाने और यहाँ के अधूरे पड़े सामुदायिक हॉल को भी पूरा करने के निर्देश विभाग को दिए। उन्होंने सब्जी मंडी में पहुँचकर दुकानदारों से बातचीत की और सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी हासिल की।

डॉ. रवजोत सिंह ने मोहल्लों में पहुँचकर घर-घर जाकर पीने के पानी और सफाई संबंधी जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने अजीमगढ़ का दौरा कर इस इलाके में सड़कों की मरम्मत जल्दी कराने और बिजली के खंभों संबंधी भी मौके पर ही बिजली निगम के अधिकारियों को खंभे और तारें दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।

इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय बिना किसी योजना के शुरू किए गए प्रोजेक्टों के कारण शहर के विकास में ठहराव आ गया था, जिसे मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए फंडों की कोई कमी नहीं है। पीने के पानी की समस्या संबंधी पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शहर के वाटर वर्क्स में और डिग्गियाँ बनाने की संभावनाएँ भी तलाशी जाएँगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री अरुण नारंग ने कहा कि पंजाब सरकार शहरी विकास के प्रति दृढ़ संकल्पित है और शहर के विकास को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए ही आज कैबिनेट मंत्री द्वारा शहर का दौरा किया गया है। इससे पहले यहाँ पहुँचने पर पूर्व विधायक अरुण नारंग, उपायुक्त अमरप्रीत कौर संधू, एस डी एम कृष्णा पाल राजपूत ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन सुनील सचदेवा, मार्केट कमेटी अबोहर के चेयरमैन उपकार सिंह जाखड़, एडवोकेट हरप्रीत सिंह के अलावा स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के इन जिलों में एवलांच का खतरा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें