अमृतसर: शुक्रवार को श्री दुर्गियाना मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ जी की शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु जय जगन्नाथ स्वामी, जय जगन्नाथ स्वामी, के जय घोष के बीच हरिनाम संकीर्तन करते देखे गए। देर शाम श्री दुर्गियाना मंदिर के श्री लक्ष्मीनारायण भवन से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। एक सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा तथा भ्राता बलदेव के स्वरुप सुशोभित किए गए थे। श्रीमद् जगतगुरु शंकराचार्य शक्ति पीठाधीश्वर स्वामी शारदानंद सरस्वती के सानिध्य में प्रारंभ हुई शोभायात्रा मंदिर के सरोवर के परिक्रमा मार्ग से गुजरी।

अनेक स्थानों पर भक्तों ने भगवान के स्वरुप की आरती उतार फल व व्यंजनों का भोग लगाकर प्रशाद श्रद्धालुओं में वितरित किया। परिक्रमा मार्ग से होती हुई शोभायात्रा श्री लक्ष्मीनारायण भवन में ही संपन्न हुई। इस दौरान संकीर्तन कमेटी के चेयरमैन संजीव खन्ना ने हरिनाम संकीर्तन किया, वहीं मंदिर कमेटी के मैनेजर अनिल शर्मा ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान गुलशन कोहली, माधो लाल के साथ-साथ श्री तुलसीदास मंदिर परिकर के सदस्य भी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- सोने-चांदी में गिरावट, फेड के फैसले का असर; सिल्वर 2.45 लाख से नीचे
