नई दिल्ली : द्वारका जिला पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छावला इलाके में अवैध भंडारण और बिक्री का खुलासा किया है। एएटीएस द्वारका और थाना छावला की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 65 गैस सिलेंडर बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कश्मीरी कॉलोनी, पपरावत रोड, प्रेम नगर स्थित एक मकान में छापा मारा गया। जांच में पाया गया कि आवासीय परिसर का इस्तेमाल अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर जमा करने और ऊंचे दामों पर बेचने के लिए किया जा रहा था।
मौके से अशोक कुमार (52), निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। बरामद सिलेंडरों में 57 कमर्शियल (इंडेन 38, भारत 19) और 8 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा गैस ट्रांसफर करने की मशीन और वजन मापने का कांटा भी जब्त किया गया। आरोपी स्थानीय लोगों और सर्विस प्रदाताओं को महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

