Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

LPU Protest Updates News: अगले आदेश तक इंटरनेट बंद, CM मान के सख्त आदेशों पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे DGP

September 28, 2026

LPU Protest Updates News: अगले आदेश तक इंटरनेट बंद, CM मान के सख्त आदेशों पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे DGP

कहा- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

जालंधरः फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म की खबर को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ की और जालंधर-फगवाड़ा NH-44 को भी जाम कर दिया। हालांकि, पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से सामने आए बयानों में इस दुष्कर्म के दावे की पुष्टि नहीं की गई है। यूनिवर्सिटी ने आरोपों को अफवाह और निराधार बताया है।

CM भगवंत मान ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
LPU मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। उन्होंने DGP गौरव यादव को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।

DGP गौरव यादव ने मौके की स्थिति का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पंजाब के DGP गौरव यादव ने LPU पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया। DGP ने अधिकारियों से घटना, प्रदर्शन और हिंसा से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखना और कानून-व्यवस्था को सामान्य रखना है।

इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक
हिंसा के बाद प्रशासन ने LPU और आसपास के इलाके में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के मुताबिक यह कदम स्थिति को नियंत्रित रखने और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। इलाके में इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद रखने की जानकारी दी गई है।

छात्रा से कथित दुष्कर्म की खबर के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन
मामला उस समय शुरू हुआ जब सोशल मीडिया और कैंपस में एक छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई। दावा किया गया कि घटना में कोई बाहरी व्यक्ति शामिल था। इस खबर के बाद LPU के कई छात्र कैंपस में इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते प्रदर्शन बढ़ता गया और बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट की ओर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, उस समय तक कथित घटना की कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई थी।

कैंपस में तोड़फोड़, सामान को भी पहुंचाया नुकसान
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ की। खिड़कियों के शीशे, गमले और दूसरी चीजें क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई। कुछ जगहों पर सामान में आग लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने कैंपस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी।

रविवार शाम फिर भड़की हिंसा
रविवार शाम स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर से पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके गए और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। एक पुलिस वाहन को आग लगाए जाने की भी रिपोर्ट है।

मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस बल LPU परिसर पहुंचा। ADGP एमएफ फारूकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला और कपूरथला के SSP गौरव तूरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस का दावा- अब स्थिति नियंत्रण में
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। जालंधर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

LPU ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, LPU प्रशासन ने छात्रा से दुष्कर्म के दावे को झूठा, निराधार और अफवाह बताया है। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

जांच के लिए SIT गठित
मामले की जांच के लिए पुलिस ने FIR दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। जांच टीम CCTV फुटेज, फॉरेंसिक जानकारी और फोन रिकॉर्ड समेत उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

LPU ने 10 दिन के लिए कक्षाएं कीं स्थगित
हिंसा और तनाव के बाद LPU प्रशासन ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी ने मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक टाल दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें