Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना: चौड़ी सड़क पर चीज लेने जा रहे 8 साल के बच्चे की करंट से मौत

June 28, 2024

लुधियाना: चौड़ी सड़क पर चीज लेने जा रहे 8 साल के बच्चे की करंट से मौत

लुधियाना: पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) की लापरवाही से सीजन की पहली बरसात ने चौड़ी सड़क पर आठ वर्षीय दिवांशु की जान ले ली। वीरवार सुबह हुई बारिश के कारण चौड़ी सड़क पर पानी भर गया। दिवांशु सुबह बारिश बंद होने के बाद पास की दुकान पर चीज लेने गया। जब वह मेन रोड पर बिजली के खंभे के पास से निकला तो उसे करंट लग गया और वह अचानक नीचे गिर गया। खंभे के आसपास काफी दूर तक पानी में भी करंट आ रहा था, जिसकी वजह से 10 मिनट तक उसे बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया।

लोग वहां हल्ला करते रहे। परिवार हल्ला सुनकर बाहर आया तो पता चला कि उनका बच्च वहां पानी में गिरा हुआ है। तब तक इलाके में बिजली बंद हो गई थी और फिर लोगों ने उसे उठाया। परिवार के सदस्य व अन्य लोग उसे लेकर सीएमसी अस्पताल गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीएमसी अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने बच्चे का शव सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।

परिवार ने शाम को थाना डिवीजन नंबर तीन में पावरकॉम अधिकारियों के खिलाफ शिकायत भी दे दी है। दिवांशु का आज (शुक्रवार) दिवांशु का बर्थडे था और परिवार ने बर्थडे मनाने की तैयारी भी की थी लेकिन उनकी तैयारियां धरी की धरी रह गई।
दिवांशु के पिता राकेश कुमार रिक्शा चलाते हैं और चौड़ी सड़क पर किराए के मकान में रहते हैं। राकेश कुमार ने बताया कि सुबह जब बारिश बंद हुई तो बच्चे ने चीज खाने के लिए पैसे मांगे। उन्होंने बताया कि वह पैसे लेकर बाहर निकला और घर के बाकी लोग अपने काम में लगे थे।

कुछ देर बाद बाहर हल्ला होने लगा। जब बाहर आए तो वहां पर उनका बच्च पानी में गिरा हुआ था। आसपास खड़े लोगों ने बताया कि पानी में करंट आ रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक वो आए तब तक बिजली बंद हो चुकी थी। तब उन्होंने बच्चे को उठाया और अस्पताल ले गए लेकिन उसकी पहले ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पावरकॉम की लापरवाही के कारण उसके बच्चे की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पावरकॉम की लापरवाही के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर तीन में शिकायत दे दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें