Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना: ग्यासपुरा में किराना स्टोर को चोरों ने बनाया निशाना, 7-8 लाख का सामान चोरी

लुधियाना: शहर में चोरी और लूट की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला ग्यासपुरा इलाके से सामने आया है, जहां शनिवार देर रात चोरों ने एक किराना स्टोर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कुछ नकाबपोश चोर किराना स्टोर में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोरों ने पहले गैस कटर की मदद से दुकान का ताला तोड़ा। इसके बाद दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और वहां से बड़ी मात्रा में किराना व अन्य सामान चोरी कर मौके से फरार हो गए।

दुकानदार के मुताबिक, चोर दुकान में रखा करीब 7 से 8 लाख रुपये का महंगा किराना और अन्य सामान बोरियों में भरकर अपने साथ ले गए। दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोरी के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ी पूरी तरह स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि, जिस मात्रा में सामान चोरी किया गया है, उससे आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी गाड़ी में आए थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चौकी इंचार्ज के अनुसार, जांच अधिकारी मामले की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

Exit mobile version