Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में सोशल मीडिया के जरिए ड्रग्स और हथियारों का नेटवर्क चलाने वाले 2 तस्कर गिरफ्तार, हथियार और नशीला पदार्थ बरामद

November 15, 2026

लुधियाना में सोशल मीडिया के जरिए ड्रग्स और हथियारों का नेटवर्क चलाने वाले 2 तस्कर गिरफ्तार, हथियार और नशीला पदार्थ बरामद

लुधियाना: पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स की आड़ में चलाए जा रहे ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 ग्राम बर्फ, तीन अवैध पिस्तौल और 12 कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में से एक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 2 लाख फॉलोअर्स हैं। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को लालच देकर नशे के कारोबार से जोड़ता था। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, एडीसीपी रूपिंदर कौर भट्टी, एसीपी हर्षप्रीत सिंह और एसीपी-2 दीप करण सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की दो पिस्तौल, 30 बोर की एक पिस्तौल और 12 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा 160 ग्राम नशीला पदार्थ भी जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी दूसरे जिलों से नशीले पदार्थ और अवैध हथियार लाकर लुधियाना तथा आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने शहर के बाहरी क्षेत्रों में अपने ठिकाने बना रखे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। आरोपी टोनी चौहान के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-4 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, दूसरे आरोपी बलराम उर्फ वीरू के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा नशे और हथियारों की सप्लाई के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें